

कांठ (मुरादाबाद)। मुरादाबाद स्थित एमआईटी वर्ल्ड स्कूल में आयोजित मास्टर अमित उपाध्याय मेमोरियल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में कांठ नगर की आकाश कोरियन ताइक्वांडो एकेडमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक गोल्ड, चार सिल्वर और तीन ब्रॉन्ज समेत कुल आठ पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता में एकेडमी की खिलाड़ी प्रणिका शुक्ला ने स्वर्ण पदक जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं प्रत्यक्ष चंदेल, काव्या माहेश्वरी, उन्नति माहेश्वरी और ऋषिका शर्मा ने रजत पदक अपने नाम किए। इसके अलावा पूर्विक राज सिंह, जीविशा शर्मा और अथर्व विश्नोई ने कांस्य पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। विजेता खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने प्रशिक्षकों हर्ष शर्मा एवं रीतिका शर्मा को दिया। इस अवसर पर दोनों कोचों ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि नियमित अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। एकेडमी के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
रिपोर्ट: पंकज कुमार। ✍️











