

वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज
रसड़ा (बलिया)। रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के बैजलपुर ग्राम सभा में 3 जुलाई 2026 को विवादित भूमि पर शौचालय और बाउंड्री निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट, खूनी संघर्ष और कथित चाकूबाजी की घटना में गंभीर रूप से घायल हृदय नारायण सिंह की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। उन्होंने गुरुवार सुबह पीजीआई लखनऊ में अंतिम सांस ली। घटना के सातवें दिन हुई इस मौत के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई को विवादित जमीन पर निर्माण कार्य को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए थे। देखते ही देखते विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया, जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। एक पक्ष से हृदय नारायण सिंह, राजकरण सिंह, अर्जुन सिंह और अनिल सिंह घायल हुए, जबकि दूसरे पक्ष से गुड़िया सिंह, संतोष सिंह, सूरज सिंह और गौरीशंकर सहित अन्य लोग घायल बताए गए। सभी घायलों को प्रारंभिक उपचार के लिए रसड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। गंभीर रूप से घायल लोगों को बाद में विभिन्न अस्पतालों में रेफर किया गया।
हृदय नारायण सिंह की हालत लगातार गंभीर बनी रहने पर परिजन उन्हें पीजीआई लखनऊ लेकर गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना के संबंध में रसड़ा कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, एक पक्ष से संतोष सिंह, संजय सिंह, सूरज सिंह, गुड़िया और तन्नु सिंह के विरुद्ध तथा दूसरे पक्ष से राजकरण सिंह उर्फ बंटी, अर्जुन सिंह उर्फ दीपू, हृदय नारायण सिंह, अनिल सिंह, सुनील कुमार सिंह, जगत नारायण सिंह, सुधा देवी और दुर्गावती के विरुद्ध भी मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
पुलिस अब तक दो आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि अन्य नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। हृदय नारायण सिंह की मृत्यु के बाद मामले में आगे की विधिक कार्रवाई भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




