
दरभंगा में मतदाता जागरूकता अभियान ने रचा नया इतिहास
दरभंगा, 19 अक्टूबर 2025: बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के अवसर पर दरभंगा जिले में मतदाता जागरूकता अभियान ने जनभागीदारी और सामुदायिक उत्साह का नया इतिहास रच दिया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार के मार्गदर्शन में यह अभियान लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में निरंतर सक्रिय है।
डीपीएम डॉ. ऋचा गार्गी के नेतृत्व में जीविका दीदियाँ – दरवाजा खटखटाओ, मतदाता बुलाओ अभियान के तहत गाँव-गाँव पहुँचकर लोगों में मतदान के प्रति जागरूकता फैला रही हैं। दीदियाँ घर-घर जाकर लोगों से संवाद कर रही हैं और उन्हें संदेश दे रही हैं कि “हर वोट की कीमत है, हर मतदाता की भागीदारी से ही लोकतंत्र मजबूत बनता है।”
शनिवार को हायाघाट प्रखंड के विभिन्न संकुल संघों में आयोजित कार्यक्रमों में डॉ. ऋचा गार्गी ने स्वयं भाग लेकर दीदियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से कहा कि “मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि हमारी जिम्मेदारी है, जिससे हम अपने भविष्य की दिशा तय करते हैं।”
कार्यक्रम के दौरान जीविका दीदियों ने गाँवों में रैली, प्रभात फेरी, लोकगीत, रंगोली, नारे लेखन और मेहंदी प्रतियोगिता जैसी गतिविधियों के माध्यम से मतदान को जन-अभियान का रूप दिया। जीविका दीदी पूनम झा ने बताया कि वे प्रतिदिन घर-घर जाकर परिवारों को मतदान के महत्व की जानकारी देती हैं और लोगों से आग्रह करती हैं कि पहले मतदान करें और फिर त्योहार मनाएँ।
डॉ. ऋचा गार्गी ने सभी जीविका दीदियों को लोकतांत्रिक शपथ दिलाई कि वे स्वयं मतदान करेंगी और अपने समुदाय में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने में अग्रणी भूमिका निभाएँगी। बीपीएम विजय कुमार रॉय ने कहा कि जीविका दीदियाँ ग्रामीण समाज में परिवर्तन की सच्ची प्रतीक हैं।
संचार प्रबंधक राजा सागर ने कहा कि यह अभियान न केवल मतदान जागरूकता का प्रतीक है, बल्कि यह दिखाता है कि जब महिलाएँ आगे बढ़ती हैं, तो समाज में जागरूकता और परिवर्तन की लहर स्वतः फैलती है। इस अवसर पर नरेश कुमार, मनोरमा मिश्रा समेत सैकड़ों जीविका दीदियाँ और ग्रामीण उपस्थित रहे।




















