
उत्तर प्रदेश
सिद्धार्थनगर यूपी ।। कपिलवस्तु थाना क्षेत्र के चंपापुर गांव निवासी युवक को बेरहमी से पीट कर अधमरा करने वाले मोहाना थाना के चार पुलिस कर्मियों के खिलाफ केस दर्ज हो चुका है। उनकी तलाश में सीओ की निगरानी में दो पुलिस टीमें लगी हैं लेकिन खाकी, खाकी को तलाश नहीं कर पा रही है। एडीजी, डीआईजी जिले का दौरा कर चंपापुर गांव पहुंच कर पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा दिला चुके हैं।
22 अक्टूबर की रात मां लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान पुलिस के चार जवानों ने रजनीश पटेल पुत्र अशोक कुमार को उस समय उठा लिया था जब वह डोला के साथ चल रहा था। उसे बाइक पर बिठा कर कहां ले गए किसी को पता नहीं लेकिन रात बारह बजे रजनीश जीवन और मौत के बीच संघर्ष करते हुए ऊंजी पेट्रोलपंप के पास सड़क के किनारे मिला था। उसे पहले सीएचसी बर्डपुर फिर जिला अस्पताल लाया गया। हालत नाजुक होने पर गोरखपुर रेफर किया गया जहां से लखनऊ रेफर कर दिया गया जहां आज भी वह जिंदगी जीतने की जंग लड़ रहा है। पहले तो पुलिस मामले को टालते रही लेकिन मीडिया में खबर आई तो वह हरकत में आ गई। मोहाना थानाध्यक्ष व चार सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया गया। डीआईजी संजीव कुमार त्यागी के निर्देश पर पुलिस कमियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया गया उसके बाद से पुलिस कर्मी फरार हो गए। रविवार को एडीजी अशोक मुथा जैन भी जिले में पहुंच गए। दोनों अधिकारियों ने चंपापुर जाकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और न्याय का भरोसा दिया। केस दर्ज हुए दूसरा दिन हो गया लेकिन अब खाकी वाले आरोपी खाकी वालों की तलाश पूरी नहीं कर सके जबकि लगी टीमों की निगरानी के लिए सीओ भी लगाए गए हैं।
चंपापुर निवासी की पिटाई करने वाले मोहाना थाने के चार पुलिस कर्मियों पर दर्ज है मुकदमा। एडीजी, डीआईजी कर चुके हैं जिले का दौरा, पीड़ित परिवार से मुलाकात कर दिया है न्याय का भरोसा।
आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की दो टीमें लगी है। दोनों का नेतृत्व सीओ कर रहे हैं। संभावित स्थानों पर पुलिसकर्मी दबिश देकर गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। जल्द ही गिरफ्तार हो जाएगी। – डॉ. अभिषेक महाजन, एसपी।








