
वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज गाजीपुर

गाजीपुर (जमानियां)। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर शनिवार की दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अप मेन लाइन का होम सिग्नल अचानक तकनीकी खराबी के कारण फेल हो गया। यह घटना दोपहर करीब 12:50 बजे हुई, जिससे अप लाइन पर चलने वाली कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हो गया।
सिग्नल नहीं मिलने के कारण ट्रेनों को 10 मिनट से लेकर आधे घंटे तक विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा और बाद में काशन के सहारे आगे बढ़ाया गया। कंट्रोल से सूचना मिलने पर सिग्नल विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और करीब 1:50 बजे सिग्नल को दुरुस्त किया गया, तब जाकर परिचालन सामान्य हो सका।
इस तकनीकी खराबी के चलते हिमगिरि एक्सप्रेस और श्रमजीवी एक्सप्रेस को जमानियां स्टेशन पर खड़ा रहना पड़ा। वहीं दानापुर–सिकंदराबाद एक्सप्रेस, पटना–डीडीयू मेमो पैसेंजर, पटना–वास्कोडिगामा एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनें जमानियां के अलावा दिलदारनगर, भदौरा और गहमर स्टेशनों पर 10 से 20 मिनट तक खड़ी रहीं।
ठंड के मौसम में बार-बार ट्रेनों को रोके जाने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्री प्लेटफॉर्म पर ठिठुरते नजर आए और समय से गंतव्य पर पहुंचने को लेकर चिंतित दिखे।
दिलदारनगर सेक्शन के यातायात निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि जमानियां स्टेशन पर अप मेन लाइन का होम सिग्नल खराब हो जाने के कारण ट्रेनों को रोक-रोक कर चलाना पड़ा, जिससे अप रूट पर ट्रेनों का परिचालन लगभग एक घंटे तक प्रभावित रहा।



