

डीडवाना-कुचामन, मिशन ‘हरियालो राजस्थान’ के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक मंगलवार को जिला कलक्टर श्री अवधेश मीना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जिले में हरियालो राजस्थान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला कलक्टर ने बैठक में निर्देश दिए कि ‘मिशन हरियालो राजस्थान‘ के तहत वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना तैयार कर व्यापक स्तर पर पौधारोपण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जिले में विभागवार पौधारोपण के लक्ष्यों की समीक्षा कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को कार्ययोजना बनाकर पौधारोपण करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने हरियालो राजस्थान के तहत पौधारोपण कार्य में सरकारी एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ- साथ आमजन को भी जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने पौधारोपण के बाद उनकी देखरेख एवं संरक्षण पर विशेष ध्यान देने, पौधों की सुरक्षा के लिए उचित व्यवस्था करने, ग्रामीण क्षेत्रों में चारागाह में पौधारोपण कर विकसित करने, शहरी क्षेत्रों में सड़क के डिवाईडर पर पौधे लगाने, हाईवे के दोनों और पौधारोपण करने तथा राजकीय विद्यालयों व आंगनबाड़ी केंद्रो के सुव्यवस्थित रूप से पौधारोपण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये।
इस दौरान जिला कलक्टर ने जिले में पौधारोपण के लिए वन विभाग द्वारा पौध वितरण की तैयारी, जिले की नर्सरियों में पौधों की उपलब्धता एवं वितरण योजना की समीक्षा की।
बैठक में उपवन संरक्षक श्री विजयशंकर पांडे ने बताया कि सभी विभागों को पौधारोपण का लक्ष्य दिये जायेंगे। सभी विभाग इससे संबंधित फेंसिंग, गड्ढे इत्यादि तैयारियां पूर्व में ही करवा लेवें। उन्होंने बताया कि हरियालो राजस्थान के तहत जिले में 20.803 लाख पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वन विभाग द्वारा जिले की नर्सरियों में पौधे तैयार किये जा रहे हैं, संबंधित विभाग अपने नजदीक नर्सरी में डिमांड दे सकते हैं। इसके अतिरिक्त पौधों की जिओ टेगिंग करना भी अनिवार्य होगा।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की। जिला कलक्टर ने सभी विभागों को निर्धारित समय सीमा में कार्ययोजना के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर विकास मोहन भाटी, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक हरिओम सिंह राणा, जिला शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रवणराम जाखड़ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व कार्मिक उपस्थित रहे।







