दरभंगाबिहार

डीएम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किसानों के फार्मर आईडी निर्माण की समीक्षा की

दरभंगा में डीएम ने किसानों के फार्मर आईडी निर्माण पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में समीक्षा की, अभियान 06 से 09 और 18 से 21 जनवरी तक चलेगा।

दरभंगा, 05 जनवरी 2026।
जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किसानों के फार्मर आईडी निर्माण को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी अनुमंडल अधिकारी, कृषि अनुमंडल अधिकारी, अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक का उद्देश्य जिले में फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में तेजी लाना और किसानों को डिजिटल पहचान उपलब्ध कराना रहा।

बैठक में बताया गया कि Agri Stack परियोजना के अंतर्गत राज्य के किसानों की फार्मर आईडी तैयार करने के लिए बिहार भूमि डाटाबेस को समेकित करते हुए प्रत्येक राजस्व ग्राम का ऑनलाइन बकेट जिले को उपलब्ध कराया गया है। इसी के आधार पर जिला स्तर पर फार्मर रजिस्ट्री का कार्य किया जाना है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिले के सभी राजस्व ग्रामों में किसानों का ई-केवाईसी कराते हुए अनिवार्य रूप से फार्मर आईडी बनाई जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री के कार्य को मिशन मोड में किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक राजस्व ग्राम में कैंप आयोजित कर कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। यह अभियान दो चरणों में संचालित होगा। प्रथम चरण 06 से 09 जनवरी 2026 तक तथा द्वितीय चरण 18 से 21 जनवरी 2026 तक चलेगा। उन्होंने सभी किसानों को इस अभियान से जोड़ने और उन्हें मोबिलाइज करने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने कहा कि फार्मर आईडी कार्ड से किसानों को कृषि से जुड़ी सभी योजनाओं का लाभ सीधे उनके घर तक पहुंचाया जा सकेगा। जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपने फार्मर आईडी कार्ड निर्माण में अधिकारियों और कर्मियों को पूरा सहयोग दें। यह कार्य गांव-गांव और घर-घर जाकर निर्धारित तिथियों में किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि इस अभियान की निगरानी व्हाट्सएप ग्रुप और वीडियो कॉल के माध्यम से पूरे दिन की जाएगी। कार्य सुबह 8 बजे से शुरू होकर देर रात तक चलेगा। प्रतिदिन जिले में 10,000 से 14,000 फार्मर आईडी कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Sitesh Choudhary

चढ़ते हुए सूरज की परस्तिश नहीं करता, लेकिन, गिरती हुई दीवारों का हमदर्द हूँ।
Back to top button
error: Content is protected !!