महराजगंज: होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, 25–27 अप्रैल को 11 केंद्रों पर होगी परीक्षा
महराजगंज जनपद में होमगार्ड पदों पर एनरोलमेंट परीक्षा–2025 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, पुलिस केंद्र प्रभारी सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पुलिस भर्ती बोर्ड द्वारा जारी गाइडलाइन का गंभीरता से पालन किया जाए, ताकि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और शुचिता के साथ संपन्न हो सके।
उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के सभी 11 परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की गहन जांच सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की कमी मिलने पर उसे तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि परीक्षा व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी केंद्रों पर साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, मेडिकल टीम और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रत्येक केंद्र पर क्लॉक रूम की व्यवस्था अनिवार्य रूप से प्रवेश द्वार के पास करने को कहा गया, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। परीक्षा कक्षों में दीवार घड़ी की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा, परीक्षा केंद्रों के आसपास अतिक्रमण हटाने और किसी भी प्रकार की अवैध वसूली रोकने के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री शक्ति मोहन अवस्थी ने नकलविहीन परीक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया पर निगरानी रखने और किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अपर पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ ने परीक्षा प्रक्रिया की जानकारी दी, जबकि जिला प्रबंधक डॉ. दिवाकर सिंह ने बताया कि 25, 26 और 27 अप्रैल को 11 केंद्रों पर कुल 6 पालियों में परीक्षा आयोजित होगी। इसमें कुल 25,920 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जबकि प्रत्येक पाली में 4,320 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। परीक्षार्थियों का प्रवेश परीक्षा से 2 घंटे पहले शुरू होगा और आधे घंटे पहले बंद कर दिया जाएगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा, बीएसए ऋद्धि पांडेय, जिला युवा कल्याण अधिकारी वैभव सिंह, डीपीआरओ श्रेया मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।