
डुमरियागंज। डुमरियागंज ब्लॉक क्षेत्र के सेमुआडीह सोनाहटी सरयू नहर मार्ग की पटरी की सड़क सेन्ट थोमस स्कूल के निकट बारिश के चलते कटकर गड्ढे में तब्दील हो गई है। जिससे इस मार्ग पर आवागमन करने वाले राहगीरों को काफी दिक्कत हो रही है। दिन में तो वाहन चालक सावधानी पूर्वक सड़क में बने गड्ढे को देखकर किसी तरह निकल जाते हैं, लेकिन रात के अंधेरे में बाइक सवार गड्ढे में बाइक फंस जाने से चोटिल हो जाते हैं।
हल्लौर सेंट थॉमस स्कूल के पीछे से सेमुवाडीह होते हुए सोनहटी चौराहा को जोड़ने वाली नहर मार्ग की सड़क कई गांवों के आवागमन का जरिया है। प्रतिदिन सैकड़ों लोग इस मार्ग से आवागमन करते हैं। कई दिन तक हुई बारिश के चलते नहर पटरी की सड़क में जगह-जगह बड़े-बड़े कट हो जाने से नहर मार्ग से गुजरने वाले बाइक सवार आये दिन गिरकर चोटिल हो रहे हैं। इतना ही नहीं भारी बारिश होने पर यह मार्ग पूरी तरह से बंद हो जाया करता है। क्षेत्र के विजय कुमार, दीप कुमार, फिरोज मलिक, सुहेल अहमद, राजेश कुमार आदि ने जर्जर सड़क की शीघ्र मरम्मत करवाए जाने की मांग शासन प्रशासन से की है।जर्जर सड़क को लेकर उन्हें कोई प्रार्थना पत्र नहीं मिला है। पत्र मिलने पर मौके का निरीक्षण करके संबंधित विभाग को सड़क की रिपेयरिंग के लिए निर्देशित किया जाएगा।
– डॉ. संजीव दीक्षित, एसडीएम, डुमरियागंज








