
अंबेडकरनगर। जिले में बिना रजिस्ट्रेशन के संचालित कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी के खिलाफ शुक्रवार को एक बार फिर से शिक्षा विभाग ने जांच अभिया चलाया। दो लाइब्रेरी और एक कोचिंग सेंटर बेसमेंट में चलते पाए गए।
कुछ कोचिंग संस्थान और लाइब्रेरी बिना पंजीयन के संचालित होते मिले। सभी को चेतावनी दी गई कि जल्द से जल्द रजिस्ट्रेशन कराएं।
डीएम के निर्देश पर डीआईओएस गिरीश कुमार सिंह ने जिला मुख्यालय सहित सभी क्षेत्रों के नोडल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में चल रहे कोचिंग सेंटर का निरीक्षण करने का निर्देश दिया है। इसी क्रम में जीजीआईसी कुर्की बाजार की प्रधानाचार्य सुमित्रा देवी और कार्यालय के वरिष्ठ सहायक ओम आनंद तिवारी ने जिला मुख्यालय व आसपास के सेंटर पर शुक्रवार को औचक निरीक्षण किया। श्यामजी लाइब्रेरी, शिखा शिक्षा निकेतन कोचिंग व एसीआई लाईब्रेरी का संचालन बेसमेंट में होता पाया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने निर्देश दिया कि जो कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी बेसमेंट में चल रहे हैं वह तत्काल संचालन बंद कर दें। अन्यथा उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।









