दरभंगाबिहार

महिलाओं की आवाज़ को सरकार दे रही है पूरी अहमियत!

दरभंगा में महिला संवाद कार्यक्रम के तहत महिलाएं अपनी समस्याएं और सपने साझा कर रही हैं, जिलाधिकारी उनकी समस्याओं के समाधान में सक्रिय हैं।

सरकार सुन रही है महिलाओं की आवाज, जिलाधिकारी स्वयं ले रहे फीडबैक

दरभंगा, 07 मई 2025: बिहार सरकार द्वारा ग्रामीण विकास विभाग और जीविका के सहयोग से दरभंगा जिले में चलाए जा रहे “महिला संवाद” कार्यक्रम ने महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इस कार्यक्रम के तहत महिलाओं को अपने विचार, समस्याएँ और सपने साझा करने का अवसर मिल रहा है, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक नई उम्मीद जगी है।

कार्यक्रम की विशेषता यह है कि महिलाओं द्वारा उठाए गए मुद्दों को सीधे जिले के जिलाधिकारी द्वारा सुना जा रहा है। जिलाधिकारी अपनी यूज़र आईडी के माध्यम से महिलाओं के सुझाव और शिकायतों को सुनते हुए उनके समाधान पर प्राथमिकता दे रहे हैं। राज्य सरकार ने निर्देश दिए हैं कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत प्राप्त समस्याओं का समाधान दो माह के भीतर किया जाए।

“महिला संवाद” कार्यक्रम महिलाओं की समस्याओं को दो श्रेणियों में बाँटता है – छोटी और बड़ी समस्याएं। छोटी समस्याओं का समाधान जिला स्तर पर किया जाता है, जबकि बड़ी समस्याओं को संबंधित विभागों द्वारा हल किया जाता है। इस कार्यक्रम ने महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाया है और उन्हें यह विश्वास दिलाया है कि उनकी आवाज़ सुनी जा रही है।

अब तक, दरभंगा जिले में 830 ग्राम संगठनों में 25 प्रचार रथों के माध्यम से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा चुका है। इसमें 1.6 लाख से अधिक महिलाओं ने भाग लिया, जिनमें से 18,000 से अधिक महिलाओं ने व्यक्तिगत रूप से अपनी समस्याएँ साझा की हैं।

महिलाओं द्वारा उठाए गए प्रमुख मुद्दों में जीविका भवन, विवाह भवन, खेल मैदान, रोजगार सृजन, ऋण पर ब्याज दर में कमी, वृद्धावस्था पेंशन में वृद्धि, और शिक्षा जैसे मुद्दे शामिल हैं। इस कार्यक्रम के जरिए महिलाएँ अब न केवल अपनी समस्याओं को व्यक्त कर रही हैं, बल्कि वे समाज के विकास में भी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित हो रही हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!