A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरे

कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे :अनुशासन, नियम और खेल भावना जीवन में काम आएगा

जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता

IMG 20260116 WA0155 1 IMG 20260116 WA0153

 

*जिला स्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता 2026 का आयोजन खेलभाठा मैदान में संपन्न*

 

*महिला खेल प्रतिभाओं ने दिखाया दमखम*

 

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 16 जनवरी 2026/ जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय एक दिवसीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता 2026 का आयोजन सारंगढ़ के खेलभाठा मैदान में उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण कर किया गया।

 

खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने कहा कि खेल का पहला और सबसे महत्वपूर्ण नियम अनुशासन है। खेल में समय का विशेष महत्व होता है। उन्होंने क्रिकेट का उदाहरण देते हुए कहा कि जब बल्लेबाज सही समय पर गेंद को खेलता है, तभी वह सफल होता है, लेकिन यदि समय और तालमेल में चूक हो जाए तो आउट होना निश्चित है। इसी प्रकार जीवन में भी समय, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। कलेक्टर ने कहा कि खेल में हार और जीत दोनों स्वाभाविक हैं। खिलाड़ियों को चाहिए कि वे जीतने पर अत्यधिक उत्साहित न हों और हारने पर निराश न हों। एक जीत से कोई महान नहीं बनता और एक हार से किसी की किस्मत नहीं बदलती। उन्होंने सिकंदर का उदाहरण देते हुए बताया कि महान बनने के लिए निरंतर संघर्ष, धैर्य और आत्मसंयम आवश्यक है। उन्होंने खिलाड़ियों को जीवन से जोड़ते हुए कहा कि आज आप खेल मैदान में जो अनुशासन, नियम पालन और खेल भावना सीख रहे हैं, वही आगे चलकर आपके जीवन के हर क्षेत्र में काम आएगा। चाहे पढ़ाई हो, प्रतियोगी परीक्षा हो या जीवन की अन्य चुनौतियाँ—हर परिस्थिति में घबराने के बजाय धैर्य और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए। कलेक्टर ने सभी खिलाड़ियों को पूर्ण समर्पण के साथ खेलने, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा अपनाने और उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर होने की शुभकामनाएं दीं।

 

प्रतियोगिता का आयोजन बालिका वर्ग (9 से 18 वर्ष) एवं महिला वर्ग (18 से 35 वर्ष) के अंतर्गत किया गया। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, 100 मीटर दौड़, 400 मीटर दौड़, रस्साकस्सी, खो-खो, वॉलीबॉल, हॉकी, कुश्ती, फुटबॉल एवं बास्केटबॉल सहित विभिन्न खेल विधाओं को शामिल किया गया। जिले के सारंगढ़, बरमकेला एवं बिलाईगढ़ ब्लॉक से बड़ी संख्या में महिला एवं बालिका खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

 

रस्साकस्सी प्रतियोगिता में सारंगढ़ एवं बरमकेला ब्लॉक के मध्य मुकाबला खेला गया। टॉस के पश्चात खेल प्रारंभ हुआ, जिसमें बरमकेला ब्लॉक की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजय प्राप्त की। वहीं बालिका वर्ग की 400 मीटर दौड़ का शुभारंभ कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, सत्ताधारी दल के जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल, जिला शिक्षा अधिकारी जे. आर. डहरिया, जिला खेल प्रभारी (डिप्टी कलेक्टर) शिक्षा शर्मा, समाज कल्याण विभाग के विनय तिवारी सहित सहायक क्रीड़ा अधिकारी कौशल ठेठवार एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!