A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेधनबाद

धनबाद में सड़क सुरक्षा को लेकर SSP स्वयं सड़क पर उतरे, डेढ़ दर्जन वाहन जब्त..मेमको मोड़ पर गलत दिशा में चल रहे कार, स्कूल बस, टेम्पो व दोपहिया वाहनों पर कार्रवाई

धनबाद:सड़क हादसों की रोकथाम एवं यातायात नियमों के सख्ती से पालन को लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार की शाम एसएसपी प्रभात कुमार स्वयं सड़क पर उतरकर यातायात व्यवस्था का निरीक्षण करने पहुंचे।

मेमको मोड़ के समीप निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने गोल बिल्डिंग जाने वाले लेन में विपरीत दिशा से आ रहे कई वाहनों को पकड़ा। मौके पर ही उन्होंने नियमों का उल्लंघन कर रहे वाहनों को जब्त कर थाना ले जाने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान करीब डेढ़ दर्जन वाहनों को जब्त किया गया, जिनमें कार, स्कूल बस, टेम्पो, बाइक एवं स्कूटी शामिल हैं। ट्रैफिक पुलिस द्वारा सभी जब्त वाहनों का चालान कर थाना ले जाया गया। पुलिस के अनुसार अब न्यायालय के आदेश के बाद ही वाहनों को छोड़ा जाएगा।

इस दौरान एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि धनबाद में अक्सर सड़क हादसों में लोगों की मौत होती रहती है, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

एसएसपी ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि शॉर्टकट के चक्कर में अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा करें।

Back to top button
error: Content is protected !!