
जागरूकता कार्यक्रम के तहत बुढ़मू प्रखंड के बाड़े पंचायत में डालसा का विधिक जागरूकता शिविर आयोजित।।
रिपोर्टर/राशीद अंसारी
बुढ़मू। माननीय न्यायमूर्ति-सह-कार्यपालक अध्यक्ष, झालसा श्री सुजीत नारायण प्रसाद के दिशा-निर्देश तथा माननीय सदस्य सचिव झालसा कुमारी रंजना अस्थाना एवं माननीय न्यायायुक्त, रांची श्री अनिल कुमार मिश्रा-1 के मार्गदर्शन में तथा डालसा सचिव श्री राकेश रौशन की उपस्थिति में 90 दिवसीय विधिक जागरूकता कार्यक्रम के तहत आज बुढ़मू प्रखंड के बाड़े पंचायत में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में पीएलवी काजल कुमारी, विजय खलखो, मुखिया अनुपमा उरांव सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे। इस अवसर पर डालसा के पीएलवी ने बताया कि भारतीय संविधान का अनुच्छेद 39ए समाज के गरीब और कमजोर वर्गों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने का प्रावधान करता है।
उन्होंने जानकारी दी कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा अप्रैल 2025 में “संवाद योजना” की शुरुआत की गई है, जिसका उद्देश्य दूरस्थ एवं वंचित समुदायों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना है। यह योजना विशेष रूप से अनुसूचित जनजातियों, कमजोर जनजातीय समूहों तथा घुमंतू जनजातियों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने पर केंद्रित है।
इसके तहत आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र एवं अन्य पहचान दस्तावेज बनवाने में सहायता, भूमि एवं वन अधिकारों से जुड़े मामलों में कानूनी सहयोग, विस्थापन एवं पुनर्वास संबंधी सहायता तथा सरकारी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने जैसे कार्य किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में बाल विवाह, बाल श्रम, वृद्धा पेंशन एवं विधवा पेंशन जैसे सामाजिक मुद्दों पर भी चर्चा की गई। साथ ही “मंईयां सम्मान योजना” की जानकारी दी गई तथा आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत, जो 12 सितंबर को आयोजित होगी, उसके बारे में भी लोगों को अवगत कराया गया।







